पौंधा रोड पर व्यक्ति को गोली मारकर लूट, घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, दो आरोपी फरार, शहरभर में अलर्ट
देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों में से एक के घायल होने की भी सूचना है। मुठभेड़ में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर भी गोली लगने से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पौंधा रोड पर तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर दी और सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट जारी कर दिया।
घेराबंदी के दौरान मुठभेड़
पुलिस को संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर उसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को मार गिराया।
घायलों को हायर सेंटर रेफर
मुठभेड़ में घायल थाना प्रभारी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, लूट के दौरान घायल हुए व्यक्ति को भी गंभीर हालत में हायर सेंटर भेजा गया है।
फरार बदमाशों की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है। जंगलों और आसपास के इलाकों में तलाशी ली जा रही है। साथ ही शहरभर में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
एसएसपी का बयान
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रात करीब 10:36 बजे 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद सभी थानों को अलर्ट कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
