चमोली: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय प्रबंध समिति एवं शिक्षक-अभिभावक संघ की प्रथम आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने की।
बैठक में विगत सत्र की प्रगति रिपोर्ट, बोर्ड परीक्षा परिणाम तथा छात्राओं एवं विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं छात्राओं को बधाई दी। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों और कक्षाओं की कमी को दूर करने हेतु विभाग एवं सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। इसमें रमेश चंद्र भट्ट को अध्यक्ष, प्रतिमा कण्डारी को अभिभावक संघ अध्यक्ष, प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल को उपाध्यक्ष, पिंकी देवी को सचिव तथा प्रवक्ता रेखा पटवाल को सहसचिव चुना गया। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के विभिन्न गांवों से अभिभावकों को सदस्य नामित किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल एवं पूर्व प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी रावत ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय और छात्रहित में सदैव कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर पंचायत पोखरी द्वारा विद्यालय के प्रार्थना स्थल के सौंदर्यीकरण एवं टाइल्स लगाने के कार्य के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उनकी टीम का विशेष आभार भी प्रकट किया गया।
