उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए अधिकारियों को यातायात नियमों के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ नियमित रूप से चालानी कार्रवाई की जाए। इसके लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सुधार कार्य करने और ग्रामीण मार्गों के जंक्शनों का तकनीकी उन्नयन सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात सुरक्षित और सुचारू रहे।
बैठक में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार, सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत, एआरटीओ सुरवर्णा नौटियाल, यातायात इंस्पेक्टर सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
