Udayprabhat
uttrakhand

यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

चारधाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, 1.2 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके दर्शन

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 के दौरान यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या देखी जा रही है। अब तक 1.2 लाख से अधिक श्रद्धालु सुरक्षित रूप से मां यमुना और गंगा जी के दर्शन कर चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने यमुनोत्री यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने राड़ी टॉप, ओरछा बैंड, बड़कोट, नौगांव और डामटा चेकपोस्ट का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों को विशेष सतर्कता बरतने तथा कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क में रहने के निर्देश भी दिए गए।

दोबाटा यात्री पंजीकरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को पंजीकरण और मेडिकल प्रक्रिया को सरल, तेज और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत और यातायात उपनिरीक्षक वीरेंद्र पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एसपी ने कहा कि उत्तरकाशी पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले दिनों में यात्रा के पीक सीजन को देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Comment