थराली: मई दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में समाजशास्त्र विभाग के तत्वावधान में “संविदा श्रमिक एवं श्रम संहिता” विषय पर एक वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सौरभ कुमार टम्टा, सहायक प्राध्यापक (समाजशास्त्र), कैंपस गोपेश्वर ने संविदा श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सहवक्ता के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश गौड़ ने मई दिवस के महत्व और वर्तमान समय में श्रमिकों की स्थिति पर विस्तृत व्याख्यान दिया।
वक्ताओं ने संविदा श्रमिकों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की। अन्य वक्ताओं योगेश देवराड़ी एवं धीरेन्द्र नेगी ने नई श्रम संहिता और हालिया श्रम सुधारों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर श्रम संबंधी विषयों पर आधारित कविता, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कविता प्रतियोगिता में हिमांशी और मनमोहन संयुक्त रूप से प्रथम रहे, प्रवीन द्वितीय तथा प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे। निबंध प्रतियोगिता में अंकित सिंह ने प्रथम, दीक्षा देवराड़ी ने द्वितीय और अनमोल जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में इशा, निशा और रेणुका क्रमशः अव्वल रहीं।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, कनिष्ठ प्रमुख थराली राजेश चौहान, ग्राम प्रधान तलवाड़ी दीपा फरस्वाण, पीटीए अध्यक्ष संतोष रावत, भूतपूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कृष्णा रावत तथा अतिथि के रूप में सफाई कर्मचारी सगा देवी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन मोहित उप्रेती ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. ललित जोशी ने किया।
