गैस वितरण रोस्टर जारी करने और ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने की उठाई मांग
चमोली: जनपद चमोली में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमराने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी समस्या को लेकर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित एवं सभासद सुभाष नगर के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी गौरव कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा स्पष्ट वितरण रोस्टर जारी करने की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिला पूर्ति विभाग और संबंधित गैस एजेंसियों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट रोस्टर जारी नहीं किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि किस क्षेत्र में कब और किस माध्यम से गैस वितरण किया जाएगा। सूचना के अभाव में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई स्थानों पर अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रत्येक क्षेत्र में गैस वितरण की तिथि, समय और स्थान की पूर्व सूचना सार्वजनिक की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों को व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं। युवा कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित और समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
