Udayprabhat
uttrakhand

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर शौचालय लिकेज की खबर पर डीएम सख्त, तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय बना हुआ है। यात्रा मार्गों से लेकर धामों तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुरक्षित और सहज रूप से दर्शन कर पा रहे हैं।

इसी क्रम में यमुनोत्री धाम के वैकल्पिक पैदल मार्ग पर सुलभ इंटरनेशनल द्वारा संचालित शौचालय में लिकेज की खबर सामने आने पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तत्काल संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर संबंधित विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शौचालय की पिट की मरम्मत कर समस्या का समाधान किया गया। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एक नई पिट का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिसे अगले 2-3 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों और सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों, पड़ाव स्थलों, पार्किंग क्षेत्रों और धाम परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। वहीं यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और धामों की पवित्रता को बनाए रखें।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment