Udayprabhat
uttrakhand

यात्रा मार्ग को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, एसपी ने किया यमुनोत्री यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और यात्रा पीक को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने रविवार को यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने यात्रा के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर यातायात, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का निरीक्षण करते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया। पुलिस द्वारा यात्रियों को चारधाम यात्रा संबंधी दिग्दर्शिकाएं वितरित कर जागरूक किया गया।

यात्रा पीक को देखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एक्स्ट्रा अलर्ट मोड में ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रह्मखाल और शिवगुफा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक संचालन को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा सिलक्यारा राड़ी टॉप, ओरछा बैंड और पालीगाड़-जानकीचट्टी मार्ग पर यातायात दबाव बढ़ने पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी बनाए रखने तथा घोड़ा-खच्चर संचालन को रोटेशन प्रणाली के तहत संचालित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Comment