Udayprabhat
uttrakhand

उस्ताद अफाक हुसैन ख़ाँ साहब की स्मृति में अल्मोड़ा में भव्य शास्त्रीय संगीत समारोह का आयोजन

अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में लखनऊ घराना तबला के खलीफ़ा उस्ताद आफ़ाक हुसैन ख़ाँ साहब की स्मृति में एक भव्य शास्त्रीय संगीत समारोह 2026 का आयोजन शारदा पब्लिक स्कूल के प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संगीत प्रेमियों और कलाकारों के लिए एक यादगार अवसर साबित हुआ।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ाँ साहब रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें विशिष्ट अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने भाग लिया। इसके पश्चात शारदा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर लता पांडे, पंडित चन्द्रशेखर तिवारी, प्रभात शाह और निर्मल पंत को संगीत के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट उपलब्धियों, समर्पण एवं योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत अल्मोड़ा के राजेंद्र नयाल और सुनील कुमार के शिष्यों ऋतु जोशी और राजकुमार द्वारा तबले पर जुगलबंदी की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद लखनऊ की शास्त्रीय गायिका रश्मि चौधरी ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत कर समां बांध दिया। उनके साथ तबले पर उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ाँ साहब, हारमोनियम पर अयोध्या के दिनकर द्विवेदी, तथा तानपुरे पर ऋतु जोशी और नेहा मुनगली ने संगत की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुंबई के पंडित योगेश समसी द्वारा प्रस्तुत एकल तबला वादन रहा, जिसने सभी संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर पंकज कुमार चौधरी, एडवोकेट शेखर लखचौरा, शारदा स्कूल की प्रधानाचार्य विनीता शेखर, राघव पंत, अशोक पांडेय, राजेंद्र सिंह नयाल और सुनील कुमार सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। मंच संचालन माधुरी केड़ा और भास्कर साह द्वारा किया गया।

Leave a Comment