Udayprabhat
uttrakhand

हनुमान मंदिर तलवाड़ी में कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ

थराली: हनुमान मंदिर तलवाड़ी बाजार में सोमवार से भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ विधिविधान से किया गया। इस धार्मिक आयोजन में ग्राम पंचायत तलवाड़ी स्टेट, ग्राम पंचायत फ्री सैंपल स्टेट तथा ग्राम पंचायत हरतोली स्टेट की महिला मंगल दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कलश यात्रा की शुरुआत फ्री सैंपल स्टेट के जल स्रोत से हुई, जहाँ से महिलाओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर हनुमान मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा का नेतृत्व पंडित रमेश चंद्र सती ने किया, जो सिर पर पवित्र पोथी लेकर सबसे आगे चल रहे थे।

ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच निकली इस शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।

कथा वाचन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और कलश स्थापना के साथ हुआ। कथा वाचक उत्तराखंड की पहली महिला व्यास राधिका जोशी केदारखंडी ने श्रीराम कथा का रसपान कराते हुए बताया कि वैशाख माह के पावन अवसर पर 11 मई से 19 मई तक यह कथा आयोजित की जा रही है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगी।

19 मई को पूर्णाहुति के साथ हवन, भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Comment