चमोली: बद्रीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आज चमोली पुलिस, एटीएस और 7 असम एटीएस की संयुक्त टीमों ने व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया।
इस दौरान पूरे धाम क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीमों ने बद्रीनाथ मंदिर परिसर के आंतरिक और बाहरी क्षेत्रों की गहन जांच की। साथ ही अस्पताल परिसर, होटल, पार्किंग स्थल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। देवदर्शनी बैरियर पर आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष निगरानी की गई।
इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने सीमांत माणा गांव के अंतिम छोर तक गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। यात्रियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
चमोली पुलिस ने कहा कि बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क और समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
