डीजी हेल्थ की वार्ता भी बेनतीजा, 26वें दिन जारी रहा आमरण अनशन
देहरादून: नर्सिंग भर्ती में वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को उस समय और उग्र हो गया, जब महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। इस घटना के बाद धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश फैल गया और प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी।
नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले चल रहा यह आंदोलन अब 26वें दिन में पहुंच चुका है। अभ्यर्थी लगातार आमरण अनशन पर बैठे हैं और सरकार से वर्षवार नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ज्योति रौतेला पिछले करीब 50 घंटों से पानी की टंकी पर डटी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि सोमवार सुबह से उन्होंने अन्न-जल त्याग रखा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडिर का कहना है कि,
डीजी हेल्थ ने उनकी मांगों को सकारात्मक बताया है. डीजी हेल्थ ने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों से संबंधित एक प्रस्ताव स्वास्थ्य मंत्री को प्रेषित किया जाएगा.
हालांकि, प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने देर रात तक दून क्लब के सामने सड़क घेरकर प्रदर्शन जारी रखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा अधिकारियों के साथ धरना स्थल पहुंचीं और नर्सिंग एकता मंच के पदाधिकारियों से वार्ता की।
उधर, पानी की टंकी पर मौजूद आंदोलनकारियों ने 13 मई तक टंकी से नीचे नहीं उतरने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि यदि सरकार की ओर से जल्द कोई फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
देर रात पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं को हटाया, लेकिन परेड ग्राउंड परिसर में नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना रातभर जारी रहा।
