उत्तरकाशी की बेटी पूजा परमार राणा राष्ट्रपति भवन में सम्मानित
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के लिए गर्व का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में कार्यरत पूजा परमार राणा को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।
पूजा परमार राणा पिछले 15 वर्षों से हिमालय के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उन्होंने उन दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाईं, जहां पहुंचना भी बेहद कठिन माना जाता है।
कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने यमुना नदी तटवर्ती क्षेत्रों में पहली वैक्सीनेेटर के रूप में कार्य करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पूजा परमार राणा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे उत्तरकाशी और उत्तराखंड की शान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि को उन पर गर्व है।
जिला प्रशासन उत्तरकाशी की ओर से पूजा परमार राणा को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई। वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधान सूर्यपाल रावत तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश सहित अनेक लोगों ने भी उन्हें इस सम्मान के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
