चमोली: चमोली जनपद के गौचर क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे टनल में 15वीं वाहिनी NDRF द्वारा फेमिलराइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेनानी संतोष कुमार के निर्देशानुसार इंस्पेक्टर आनंद सिंह दिगारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने टनल का निरीक्षण कर संभावित आपदा स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान टीम ने यह समझा कि यदि भविष्य में टनल के भीतर किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो उसे नियंत्रित करने और जोखिम को कम करने के लिए किस प्रकार प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टनल निर्माण स्थल की भौगोलिक व तकनीकी परिस्थितियों को समझकर बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
इस अवसर पर DBL कंपनी के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। परियोजना प्रबंधक योगेश्वर तथा सुरक्षा अधिकारी विकास कुमार ने NDRF टीम को टनल की सुरक्षा योजना और आपातकालीन कार्ययोजना (इमरजेंसी प्लान) की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
NDRF अधिकारियों ने कहा कि ऐसे फेमिलराइजेशन अभ्यास भविष्य में किसी भी आपदा स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
