Udayprabhat
uttrakhand

जीआईसी कण्डारी में बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

उत्तरकाशी: राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं के साथ परीक्षा समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्ममंथन, भविष्य की तैयारी और शैक्षिक दिशा को लेकर प्रेरित करना रहा।

विद्यालय ने इस वर्ष हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की, जिस पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पूजा गौड़, खुशी चौहान, कनिका गौड़, रचित गौड़, अनमोल राणा एवं कृष गौड़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6 से 10 तक के कक्षा अध्यापक रहे अनिल प्रसाद बहुगुणा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से छात्रों को निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भी बोर्ड परीक्षा के अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम संयोजक एवं कला शिक्षक सुरक्षा रावत ने कहा कि यह समय आत्मचिंतन का है और पिछली गलतियों से सीख लेकर आगे की तैयारी को बेहतर बनाने की आवश्यकता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश लाल ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों को अपने जीवन का लक्ष्य अभी से निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने इस “परीक्षा समीक्षा” पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में शिक्षक विशंभर प्रसाद नौटियाल, इंद्र सिंह नेगी सहित अनेक छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने सहयोग किया। अंत में कार्यक्रम का समापन सूक्ष्म जलपान के साथ किया गया।

Leave a Comment