Udayprabhat
uttrakhand

थराली में भीषण आग से धू-धू कर जला लकड़ी का मकान, चंद मिनटों में राख हुआ आशियाना

चमोली: थराली में बुधवार सुबह एक पुराने लकड़ी के मकान में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर जलकर राख हो गया। घटना थराली मुख्य बाजार के पास की बताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे मकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शुरुआती तौर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी का मकान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था।

बताया जा रहा है कि मकान में एक महिला अकेली रहती थी, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती है। घटना के समय महिला काम पर गई हुई थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के दौरान घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि मकान के अंदर एक गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली करवा दिया और लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Comment