गोपेश्वर से मारवाड़ी तक प्रस्तावित मोटर मार्ग को विकसित करने हेतु सौंपा ज्ञापन, स्थानीय रोजगार और विकास को मिलेगी गति
चमोली: भाजपा के नेता एवं उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य कृष्णमणि थपलियाल ने राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात कर गोपेश्वर से मारवाड़ी तक प्रस्तावित मोटर मार्ग को बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा के वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने सांसद को ज्ञापन भी सौंपा।
कृष्णमणि थपलियाल ने बताया कि गोपेश्वर, कुंजों मैकोट, मठ, बेमरू, स्यूण, डुमक, कलगोठ, उर्गम, देवग्राम, भरकी भेंटा, अरोसी, थेंग और चांई होते हुए मारवाड़ी तक अधिकांश सड़क मार्ग पहले से निर्मित है। उन्होंने कहा कि केवल स्यूण से डुमक-कलगोठ तक लगभग सात से आठ किलोमीटर तथा अरोसी से थेंग तक करीब छह से सात किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य शेष है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग के विकसित होने से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 बाधित होने की स्थिति में यात्रा संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सकेगा। साथ ही सड़क से जुड़े गांवों के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस दौरान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मार्ग का शीघ्र सर्वे कराने तथा इसे बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा के वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया।
कृष्णमणि थपलियाल ने बताया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से भी मुलाकात कर सड़क मार्ग के विस्तारीकरण की मांग रखेंगे।
