रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जिले के छतरपुर क्षेत्र के जयनगर इलाके में गुरुवार को एक टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में घना काला धुआं फैल गया।
स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाना पड़ा। पंतनगर, रुद्रपुर और औद्योगिक क्षेत्रों से कुल 8 दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने के कारण टायरों की भारी मात्रा होने से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी धुआं फैल गया और लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एहतियातन लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, साथ ही पास खड़ी करीब पांच मोटरसाइकिलें भी नष्ट हो गईं।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे फायर स्टेशन को जयनगर स्थित टायर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया. जब टीम मौके पर पहुंची तो आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी. लगातार प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया.
-ईशान कटारिया, दमकल विभाग के अधिकारी-
फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे.
