Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी में सीडीओ ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में जिले के समग्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने विकास भवन सभागार में समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं विभागवार भौतिक और वित्तीय प्रगति की गहन समीक्षा बैठक की।

बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कृषि और उद्यान विभाग को किसानों की आय बढ़ाने वाली योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, जबकि पशुपालन, डेरी विकास एवं मत्स्य विभाग को स्वरोजगार आधारित योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

उद्योग विभाग को लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर लघु उद्योगों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। वहीं समाज कल्याण विभाग को पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने को कहा गया।

पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, पेयजल और सामुदायिक परिसंपत्तियों के रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनहित के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, मुख्य उद्यान अधिकारी रजनीश सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अतुल आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment