उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के डुंडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मुसड़गांव धनारी में नव निर्मित हूंण नाग देवता मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा, वास्तु पूजन एवं मूर्ति स्थापना कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, ध्याणियों एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा हवन-पूजन के माध्यम से अपनी कुशलता और सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां अनेक देवी-देवताओं का वास है। उन्होंने कहा कि नागराजा देवता और हूंण नाग देवता परछाधारी देवता हैं, जिनके प्रति लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। विधायक ने ग्रामीणों को भव्य मंदिर निर्माण की बधाई देते हुए ग्राम सभा के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह के दौरान गांव की ध्याणियों ने पारंपरिक रासो नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग बिखेरे। आयोजन समिति की ओर से विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, प्रमुख डुंडा राजदीप परमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी मेल-मिलाप को मजबूत करने का माध्यम हैं।
