Udayprabhat
uttrakhand

कैबिनेट मंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं के क्रियान्वयन के दिए निर्देश

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर दिया जोर, पीएमजीएसवाई सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश

उत्तरकाशी: प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक में ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, मनरेगा, ग्रामीण अवस्थापना विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पशुपालन और पेयजल समेत कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ तय समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं का समग्र विकास है। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशित किया कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

महिलाओं के आर्थिक विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक सशक्त “वर्क फोर्स” के रूप में विकसित किया जाना चाहिए ताकि वे परिवार और समाज की उन्नति में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सूक्ष्म, लघु एवं खादी ग्रामोद्योग विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत संगमचट्टी-अगोड़ा सड़क मार्ग के निर्माण कार्यों में 15 दिनों के भीतर संतोषजनक प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की।

Leave a Comment