Udayprabhat
accidentuttrakhand

रुड़की में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी 22 वर्षीय गौरव और 21 वर्षीय रितिक मजदूरी का काम करते थे। दोनों युवक गुरुवार शाम झबरेड़ा कस्बे से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर साबतवाली गांव के गेट के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

झबरेड़ा थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment