पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ के हरकोट बैंड के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। क्वीटी से मुनस्यारी की ओर जा रही एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार चालक सहित पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार टैक्सी सुबह क्वीटी से मुनस्यारी जा रही थी। हरकोट बैंड के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
दुर्घटना में बला गांव निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा की मौत हो गई। वे पूर्व सैनिक थे और कैंटीन से सामान लेने के लिए मुनस्यारी जा रहे थे। वहीं बला गांव के ही प्रताप सिंह, हरीश सिंह, यमुना देवी, ममता और वाहन चालक चंचल सिंह कोरंगा घायल हो गए।
सभी घायलों को नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे सुरक्षा दीवार (पैरापिट) और क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। यह मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित माना जाता रहा है। लोगों का कहना है कि अगर वहां सुरक्षा इंतजाम होते तो वाहन खाई में गिरने से बच सकता था।
