Udayprabhat
uttrakhand

अल्मोड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 526 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा के मजखाली में कांग्रेस पार्टी अल्मोड़ा के सहयोग से बृजलाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, हल्द्वानी द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और कुल 526 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित राणा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियल तिवारी, फिजिशियन डॉ. राजेश चौरासिया, जनरल सर्जन डॉ. अमरेंद्र कुमार और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बसवराज हजगे सहित कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ और आवश्यक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

बृजलाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, हल्द्वानी के निदेशक डॉ. अजय पाल ने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में विभिन्न बीमारियाँ बढ़ रही हैं और युवा भी तेजी से इनकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए इसे समाज के लिए गंभीर खतरा बताया और महिलाओं से नशा उन्मूलन के लिए आगे आने की अपील की।

उन्होंने यह भी बताया कि पाल ग्रुप चिकित्सा के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है और जरूरतमंद युवाओं को सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने लोगों से इस तरह के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

Leave a Comment