हल्द्वानी: पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था, चारधाम यात्रा और जन सुविधाओं को लेकर अहम निर्देश दिए। बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने खुले में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन यह केवल चिन्हित स्थानों पर ही होनी चाहिए, ताकि आम जनता और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नमाज पढ़ने की किसी को मनाही नहीं है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि नमाज केवल तय और चिन्हित स्थलों पर ही अदा की जाए. किसी भी धार्मिक गतिविधि से सड़क, यातायात या आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए. वर्तमान समय में चारधाम यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं. ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री –
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए।
सीएम धामी के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और बयानबाजी तेज हो गई है।
