खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग ₹89 लाख की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान ₹55 लाख की लागत से बनी आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, ₹7.50 लाख की लागत से आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा ₹26.50 लाख की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा देंगी।
खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” को मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक पुस्तकालय शांत और अनुकूल अध्ययन वातावरण प्रदान करेगा, जिससे छात्रों को बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र अक्सर संसाधनों की कमी से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, लेकिन यह लाइब्रेरी उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। यह केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
