Udayprabhat
uttrakhand

मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना के तहत काउंसलिंग शिविर, युवाओं को जापान-जर्मनी में रोजगार के मिलेंगे अवसर

उत्तरकाशी: सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में सोमवार को जिला प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत एक दिवसीय काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसरों, विशेषकर जापान और जर्मनी में संभावित नौकरियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं शिविर में प्रतिभाग किया और विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं से उनकी आकांक्षाओं और विदेश में करियर बनाने को लेकर उनकी सोच के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि ईमानदारी से कही गई बात को पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है, इसलिए युवाओं को असमंजस और दुविधा में अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि असफलताओं के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय युवाओं को पूरी ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और सटीक कार्ययोजना को सफलता की कुंजी बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि सही दिशा में लगातार प्रयास करने से किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है।

Leave a Comment