हरिद्वार: भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से 7 ज्योतिर्लिंग एवं दक्षिण भारत यात्रा का विशेष धार्मिक टूर पैकेज शुरू करने जा रहा है। यह यात्रा योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होगी, जिसमें हरिद्वार सहित उत्तर भारत के विभिन्न स्टेशनों से यात्री शामिल हो सकेंगे।
आईआरसीटीसी द्वारा संचालित इस विशेष धार्मिक यात्रा के पहले पैकेज में श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका, पंचवटी और कालाराम मंदिर भी यात्रा में शामिल हैं। यह यात्रा 12 जून 2026 से 23 जून 2026 तक 11 रात और 12 दिनों की होगी।
यात्रियों के लिए योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई और ललितपुर जंक्शन से ट्रेन में चढ़ने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पैकेज में स्लीपर, 3एसी और 2एसी श्रेणी की सुविधाएं दी जाएंगी। इकोनॉमी श्रेणी का किराया 24,100 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी का 40,890 रुपये और कम्फर्ट श्रेणी का 54,390 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है।
इसके अतिरिक्त आईआरसीटीसी द्वारा दक्षिण भारत धार्मिक यात्रा पैकेज भी संचालित किया जाएगा। इस यात्रा में श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर मदुरै, कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा 29 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक आयोजित होगी।
दक्षिण भारत यात्रा पैकेज में यात्रियों को 2एसी, 3एसी एवं स्लीपर क्लास यात्रा के साथ शुद्ध शाकाहारी भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए एसी एवं नॉन एसी बसों की सुविधा भी दी जाएगी। साथ ही एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
आईआरसीटीसी द्वारा भूटान, सिंगापुर, मलेशिया, नेपाल, बाली, वियतनाम और श्रीलंका सहित कई विदेशी टूर पैकेज भी संचालित किए जा रहे हैं। इच्छुक यात्री “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
