बहादराबाद: भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), छात्रसंघ और अभिभावक संघ के संयुक्त प्रयासों से कॉलेज परिसर में वाटर फिल्टर स्थापित कराया गया है, जिससे अब विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
छात्रसंघ अध्यक्ष अब्दुल्ला ने बताया कि वर्ष 2014 से कॉलेज में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। गर्मियों के दौरान छात्र-छात्राओं को पानी की समस्या से जूझना पड़ता था। इस मुद्दे को लेकर एबीवीपी छात्र नेता लुकमान द्वारा कई बार कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
लगातार अनदेखी के बाद छात्र नेता लुकमान ने छात्रसंघ एवं अभिभावक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर छात्रहित में बड़ा निर्णय लिया। बैठक में छात्रसंघ और अभिभावक संघ की संयुक्त निधि से कॉलेज में वाटर फिल्टर लगाने पर सहमति बनी, जिसके बाद यह कार्य पूरा कराया गया।
इस पहल में एबीवीपी छात्र नेता लुकमान, छात्रसंघ अध्यक्ष अब्दुल्ला, सचिव मौ. शाबान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहम्मद उमर तथा अभिभावक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कॉलेज परिसर में वाटर फिल्टर लगने से छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है।
