Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में ‘युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत’ सम्मानित, छात्रों ने पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

बहादराबाद: विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग हरिद्वार एवं उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज भेल सेक्टर-1 में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के छह विकासखंडों से चयनित छात्र-छात्राओं को ‘युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत’ के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के तहत ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर विद्यालयों में क्विज, निबंध, पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालय और ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहां विजेताओं को सम्मानित किया गया।

बहादराबाद ब्लॉक से कुमारी निशिका आर्य, कुमारी मिस्बाह, कुमारी मोमिना एवं कुमारी आरुषि रावत, भगवानपुर ब्लॉक से जैनब, कुमारी महिमा गुप्ता और कुमारी मुस्कान, जबकि खानपुर ब्लॉक से कुमारी अक्षिता भाटी, कुमारी वंशिका चौधरी एवं कुमारी आशु को ‘युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत’ का खिताब दिया गया।

मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी भीकम सिंह, उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी युद्धवीर सिंह बिष्ट, जेई शिल्पी, नोडल प्रधानाचार्य परमपाल सिंह और जनपद नोडल अधिकारी राजेश राय ने विजेताओं को प्रमाण पत्र, मेडल और ट्रॉफी प्रदान की।

मुख्य अतिथि भीकम सिंह ने कहा कि बच्चों को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने के लिए समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए। वहीं युद्धवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और बच्चों की यह पहल भविष्य के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।

Leave a Comment