Udayprabhat
uttrakhand

कर्णप्रयाग की यूथ फिजिकल एकेडमी का शानदार प्रदर्शन, 83 में से 68 युवा अग्निवीर भर्ती में चयनित

चमोली: चमोली के कर्णप्रयाग स्थित यूथ फिजिकल एकेडमी ने अग्निवीर सेना भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। घोषित परिणामों में एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 83 युवाओं में से 68 युवाओं का भारतीय सेना में फाइनल चयन हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

एकेडमी संचालक अनिल फौजी ने इस सफलता का श्रेय युवाओं की मेहनत, अनुशासन और लगन को दिया। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं ने दिन-रात कठिन परिश्रम कर यह मुकाम हासिल किया है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और समर्थन ने युवाओं का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अनिल फौजी ने एकेडमी के प्रशिक्षकों और स्टाफ की मेहनत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और निरंतर प्रयासों का ही यह सकारात्मक परिणाम है।

स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि युवाओं की यह सफलता अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करेगी। एक साथ 68 युवाओं के भारतीय सेना में चयन होने पर उनके परिवारों में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Leave a Comment