पिरान कलियर: एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कलियर पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुए की फड़ पर छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार 31 मई की शाम रहमतपुर रोड स्थित पानी की टंकी के पास कुछ लोगों द्वारा ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद चार में से दो आरोपी भाग निकले, जबकि दो को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी, जुए की फड़ और 6,700 रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कलियर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुर्बान पुत्र फुरकान निवासी भारापुर भौरी, बहादराबाद तथा गुलजार पुत्र गफूर निवासी बेलड़ा, रुड़की के रूप में हुई है। वहीं गुलसेर निवासी बहादरपुर, थाना पथरी और आस मोहम्मद मौके से फरार होने में सफल रहे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार अली और हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
