हरकी पैड़ी के बाद कलियर में चला सत्यापन अभियान, तांत्रिक और पीर-फकीर बनकर लोगों को ठगने वाले 40 बहुरूपियों पर कार्रवाई
पिरान कलियर: हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत पिरान कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जो तांत्रिक, पीर-फकीर और साधु-संतों का वेश धारण कर लोगों की धार्मिक भावनाओं का लाभ उठा रहे थे। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर 1 जून को दरगाह शरीफ, आसपास की सरायों, रैन बसेरों और टीन शेड क्षेत्रों में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 40 व्यक्तियों की पहचान की गई, जो आम जनता को झूठे दावे और अंधविश्वास के जरिए गुमराह कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस के अनुसार ये लोग घरेलू और व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान बताने के नाम पर लोगों से धन वसूलते थे।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए लोगों में बिजनौर, मुंबई, अलीगढ़, मुरादाबाद, अमरोहा, इलाहाबाद, सहारनपुर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, अजमेर, बनारस, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ और लखीमपुर खीरी समेत विभिन्न राज्यों और जिलों के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी संदिग्धों को थाने लाकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को ठगी और अंधविश्वास से बचाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
