देहरादून: देहरादून में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई में एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने की कोशिश के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस अब उनके तीन फरार साथियों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि कार सवार संदिग्धों ने बैरियर तोड़ते हुए वाहन को तेज रफ्तार में सेलाकुई की ओर भगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया।
भागते हुए आरोपी चांदनी चौक होते हुए भूरपुर और फिर रामगढ़ क्षेत्र तक पहुंचे। यहां रपटे के पास उन्होंने कार छोड़ दी और नदी की ओर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान रिंकू मीणा (30 वर्ष) निवासी दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं दूसरे आरोपी विनोद कुमार मीणा (32 वर्ष) निवासी करौली, राजस्थान को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। घायल रिंकू को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विनोद मीणा का भी विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और यह भी जांच कर रही है कि आरोपी उत्तराखंड किस मकसद से आए थे।
