Udayprabhat
uttrakhand

कुंभ-2027 की तैयारियों पर मेलाधिकारी का निरीक्षण, घाटों व सीसीआर-2 भवन का किया औचक निरीक्षण

हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मेला प्रशासन पूरी गंभीरता से अवस्थापना विकास कार्यों की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सबसे पहले निर्माणाधीन सीसीआर-2 भवन का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार सभी कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है और इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मौके पर ही ईंट, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री के नमूने एकत्र कराए गए।

इसके बाद उन्होंने गंग नहर के बाएं तट पर शहीद भगत सिंह घाट से सिंह द्वार के मध्य निर्माणाधीन नए घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टील, कंक्रीट तथा अन्य निर्माण सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही नवनिर्मित आरसीसी दीवार के कुछ हिस्सों के नमूने भी गुणवत्ता परीक्षण हेतु निकलवाए गए। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा गुणवत्ता मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में नगर निगम घाट एवं आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने घाटों की दीवारों की स्ट्रेंथ टेस्टिंग कराने तथा समय-समय पर गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा, सुगम आवागमन, हरित विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराना मेला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment