चमोली: चारधाम यात्रा के दौरान शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वाहन गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर पलट गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को 108 एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य अस्पतालों में भेजा गया।
हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला श्रद्धालु आरती की मौत हो गई। अन्य घायल यात्रियों का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ज्योर्तिमठ कोतवाली के प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि चमोली जिले में हाल के दिनों में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 30 मई को देवाल विकासखंड के ल्वाणी गांव के पास एक एंबुलेंस गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।
लगातार हो रहे हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर यात्रा सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
