ग्वालदम: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रतिविद्रोहिता एवं जंगल युद्ध कला पद्धति स्कूल, एसएसबी ग्वालदम के कुनीला परिसर में गुरुवार को भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उप महानिरीक्षक (कार्यवाहक) रंगनाध चिंताडा ने पौधारोपण कर किया।

इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिकों के साथ केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राएं, वन विभाग के कार्मिक, कृषि विज्ञान केंद्र ग्वालदम की विशेषज्ञ पादप सुरक्षा सुश्री हीना कौसर, गृह विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति कोठारी तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
उप महानिरीक्षक (कार्यवाहक) रंगनाध चिंताडा ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन और पृथ्वी के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
