Udayprabhat
uttrakhand

नारसन कॉलेज में 480 छात्रों ने मनाया पर्यावरण दिवस, 150 पौधे रोपे, निकाली जागरूकता रैली

रुड़की: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी (VDS) ने विभावनी इंडिया के सहयोग से राजा महेंद्र प्रताप कृषि पीजी कॉलेज, नारसन में वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में कॉलेज के स्टाफ सहित लगभग 480 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर कुल 150 से अधिक पौधे लगाए गए, जिनमें VDS द्वारा 50 और कॉलेज द्वारा 100 पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि करीब 150 छात्रों ने पौधों को गोद लेकर उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।

VDS के निदेशक राज बहादुर सैनी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज गंभीर वैश्विक चुनौती बन चुका है और यदि समय रहते पेड़-पौधों का संरक्षण और जल संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट “सबसे बड़ा युद्ध” बन सकता है। उन्होंने प्लास्टिक के कम उपयोग और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) पर भी जोर दिया।

कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव समाज के हर वर्ग तक पहुंच चुका है, इसलिए पेड़ लगाना और वर्षा जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में डॉ. जोगिंदर सिंह, डॉ. अजय राठी और डॉ. प्रदीप कुमार ने भी पर्यावरण संरक्षण, क्लाइमेट रेजिलिएंट फसलों और चौड़े पत्ते वाले पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के बाद छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली, जिसमें “सांस हो रही कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम” और “हरियाली का करो सम्मान” जैसे नारों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Leave a Comment