Udayprabhat
uttrakhand

ऋण वितरण बढ़ाने पर जोर, डीएम ने बैंकर्स को दिए लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

उत्तरकाशी: जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अग्रिम जमा अनुपात (सीडी रेशियो) को बढ़ाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि मार्च 2026 तक जिले का अग्रिम जमा अनुपात 57.16 प्रतिशत रहा, जो पर्वतीय जिलों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप है। इसके बावजूद जिलाधिकारी ने चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक इस अनुपात को और मजबूत बनाने के लिए बैंकर्स को अधिकाधिक ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक ऋण योजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि बैंकर्स को 837.84 करोड़ रुपये का लक्ष्य आवंटित किया गया था, जिसके सापेक्ष 656.65 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। यह कुल लक्ष्य का 78.37 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि को बेहतर बनाने की आवश्यकता बताते हुए सभी बैंकों को आवंटित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति करने के निर्देश दिए।

कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण वितरण में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही पशुपालकों और मत्स्य पालकों को भी क्रेडिट कार्ड योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा स्पेशल कम्पोनेंट प्लान सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और बैंकर्स को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment