आगरा एयरबेस से पहुंचे सी-130जे सुपर हरक्यूलिस ने दो बार किया लैंडिंग और टेकऑफ, सीमांत क्षेत्र में बढ़ी सैन्य तैयारियों की मजबूती
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना के भारी मालवाहक विमान सी-130जे सुपर हरक्यूलिस ने सफलतापूर्वक दो बार लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया। आगरा एयरबेस से पहुंचे इस विमान की गतिविधियों ने क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
चीन सीमा से सटे सीमांत जनपद उत्तरकाशी में स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना के लिए सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यही कारण है कि वायुसेना समय-समय पर यहां विभिन्न विमानों की लैंडिंग और संचालन क्षमता का परीक्षण करती रही है।
अमेरिका से खरीदा गया सी-130जे सुपर हरक्यूलिस भारतीय वायुसेना के सबसे शक्तिशाली परिवहन विमानों में से एक है। यह विमान लगभग 20 टन तक का भार लेकर छोटी और चुनौतीपूर्ण हवाई पट्टियों पर भी लैंडिंग और टेकऑफ करने में सक्षम है। इसके अलावा यह एक बार में 92 सैनिकों या 64 पैराट्रूपर्स को ले जाने की क्षमता रखता है।
विशेषज्ञों के अनुसार चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर इस तरह के नियमित अभ्यास आपदा प्रबंधन, सैन्य रसद आपूर्ति और सीमावर्ती क्षेत्रों में त्वरित सैन्य तैनाती की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वायुसेना के इस अभ्यास ने एक बार फिर इस हवाई अड्डे के रणनीतिक महत्व को रेखांकित किया है।
