Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने किया ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारम्भ, जैविक खेती और किसान आय वृद्धि पर जोर

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के हवालबाग में शनिवार को आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर ‘खेत बचाओ अभियान’ का विधिवत शुभारम्भ किया। यह अभियान पूरे माह जनपद सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य कृषि भूमि का संरक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उत्तराखंड की पहचान को प्राकृतिक एवं जैविक कृषि से जुड़ा बताते हुए किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल भूमि की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है।

कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, बागवानी विकास और जैविक खेती की नई विधियों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से उत्पादन लागत घटती है और आय में वृद्धि होती है।

इस अवसर पर कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर प्रगति कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर तारबाड़ योजना के लिए 6 करोड़ रुपये की घोषणा की तथा शौकियाथल इंटर कॉलेज में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। आने वाले एक माह तक गांव-गांव जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर और कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि किसानों को आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ा जा सके।

Leave a Comment