चमोली: चमोली के बद्रीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के पास भनेरपानी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से बद्रीनाथ जा रही एक यात्री बस पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा गिर गया, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बस में सवार 32 यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस हादसे में दिल्ली निवासी 26 वर्षीय रेनू किरोड़ीवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल विवेकानंद अस्पताल, पीपलकोटी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसके अलावा कानपुर निवासी पप्पू मिश्रा घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय गोपेश्वर रेफर किया गया, जबकि गुरुग्राम निवासी तन्नू छेत्री को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए यात्रा भी रोक दी।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
