Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में ‘सर्व सेफ फूड’ परियोजना का विस्तार, 8 जिलों के 1500 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को मिलेगा प्रशिक्षण

हरिद्वार: उत्तराखंड के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए), नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) और नेस्ले इंडिया के संयुक्त प्रयासों से राज्य में ‘सर्व सेफ फूड’ परियोजना का विस्तार किया गया है। इस पहल के तहत देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल समेत आठ जिलों में 1500 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

परियोजना के विस्तार के बाद उत्तराखंड में प्रशिक्षित स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की संख्या बढ़कर 5,900 से अधिक हो जाएगी। उद्घाटन समारोह में एफडीए के उपायुक्त गणेश कंडवाल, अपर आयुक्त ताज बार सिंह, सहायक आयुक्त एम.एन. जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.के. सिंह तथा नेस्ले इंडिया की पंतनगर फैक्ट्री के फैक्ट्री मैनेजर अमित दुग्गल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

‘सर्व सेफ फूड’ परियोजना के माध्यम से अब तक देश के 27 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में 1.20 लाख से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन, अपशिष्ट निपटान और उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यह कार्यक्रम विक्रेताओं को बेहतर खाद्य प्रबंधन और व्यवसायिक विकास के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान करता है।

इस अवसर पर नेस्ले इंडिया के सस्टेनेबिलिटी एवं सामाजिक पहल प्रमुख कुंवर हिम्मत सिंह ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल अपने उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में खाद्य सुरक्षा मानकों को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि परियोजना के विस्तार से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा उनके व्यवसाय को भी मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि नेस्ले इंडिया ने वर्ष 2016 में ‘सर्व सेफ फूड’ परियोजना की शुरुआत की थी और तब से देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में हजारों स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षित कर खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।

Leave a Comment