नगर पालिका के ट्रैक्टर और जेसीबी से चोरी हुई बैटरियां, मोटर व अन्य सामान बरामद, वारदात में प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में
हरिद्वार: हरिद्वार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला किला मंगलौर निवासी रिजवान, जो वर्तमान में नगर पालिका मंगलौर में जेसीबी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नगर पालिका के ट्रैक्टर एवं जेसीबी से बैटरियां, मोटर, गियर बॉक्स, चैन की गरारी और बड़ा जैक अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 305(E) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अलीशान राव को घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलीशान राव पुत्र फुरकान, निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
