Udayprabhat
uttrakhand

मेयर के आश्वासन पर शिवपुरम का 9 दिन पुराना धरना स्थगित, नाले की खुदाई शुरू

रुड़की: पनियाला रोड स्थित शिवपुरम क्षेत्र में जल निकासी और सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले नौ दिनों से चल रहा धरना मंगलवार को स्थगित कर दिया गया। मेयर अनीता देवी अग्रवाल द्वारा क्षेत्रवासियों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद शिवपुरम जनकल्याण समिति ने यह निर्णय लिया।

क्षेत्रवासी लंबे समय से जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या से परेशान थे और समिति के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे थे। नगर निगम ने समस्या के समाधान की दिशा में पहल करते हुए पानी निकासी के लिए नाले की खुदाई का कार्य शुरू करा दिया है। इसके बाद मेयर अनीता देवी अग्रवाल एवं उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल धरनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों से विस्तृत वार्ता की।

मेयर ने कहा कि पानी निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाला निर्माण एवं खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर एक माह के भीतर टेंडर जारी कर दिया जाएगा। साथ ही आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।

शिवपुरम जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि समिति का उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना था। नगर निगम और प्रशासन की सकारात्मक पहल को देखते हुए सर्वसम्मति से धरना स्थगित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित शव यात्रा कार्यक्रम भी अब आयोजित नहीं किया जाएगा, क्योंकि आंदोलन का मकसद किसी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि का विरोध नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान था।

धरना संयोजक सतीश शर्मा ने कहा कि समिति क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए भविष्य में भी संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने मेयर द्वारा धरनास्थल पर पहुंचकर जनता की भावनाओं का सम्मान करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देने पर आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment