Udayprabhat
uttrakhand

डीएम की संवेदनशीलता ने जीता ग्रामीणों का दिल, बुजुर्ग महिला ने दिया आशीर्वाद

उत्तरकाशी: विकासखंड चिन्यालीसौड़ की ग्राम सभा छणद-खालसी के ग्रामीण गांव में लगातार बढ़ रही भूस्खलन की समस्या को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मिलने पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी कार्यालय से बाहर निकलते समय स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

ग्रामीणों ने गांव में भूस्खलन से उत्पन्न खतरे और उससे हो रही परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने ग्रामीणों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस दौरान एक बुजुर्ग महिला ने गढ़वाली भाषा में अपनी पीड़ा साझा की। जिलाधिकारी ने पूरे धैर्य, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी। डीएम के सरल स्वभाव और जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर बुजुर्ग महिला ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

जिलाधिकारी के इस सहज और मानवीय व्यवहार की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए तत्पर रहने वाले अधिकारी समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भूस्खलन की समस्या का जल्द समाधान होगा और गांव को राहत मिलेगी।

Leave a Comment