ऋषिकेश: उत्तराखंड में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे आयुर्वेदिक डॉक्टरों को अब बड़ा समर्थन मिला है। भारतीय चिकित्सा परिषद, उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. जे. एन. नौटियाल ने आयुर्वेदिक चिकित्सकों की मांगों के समर्थन में आयुष मंत्री मदन कौशिक को पत्र लिखकर शीघ्र समाधान की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आयुष सचिव रंजना राजगुरु को भी भेजी गई है।
मंगलवार को डॉ. नौटियाल ने राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ के स्टेट मीडिया को ऑर्डिनेटर डॉ. डी. सी. पसबोला को पत्र की प्रति सौंपते हुए आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सकों की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए।
आंदोलनरत डॉक्टरों की प्रमुख मांगों में भारतीय चिकित्सा परिषद के रजिस्ट्रार पद पर आयुर्वेद संवर्ग से नियुक्ति, वेतन विसंगतियों का निस्तारण, समयबद्ध पदोन्नति, एनपीए सहित अन्य सेवा संबंधी मुद्दों का समाधान शामिल है। संघ का आरोप है कि लंबे समय से मांगों की अनदेखी के कारण आयुर्वेद संवर्ग में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि परिषद अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति के समर्थन से आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है। उनका मानना है कि डॉ. नौटियाल के हस्तक्षेप से शासन पर सकारात्मक दबाव बनेगा और आयुर्वेदिक डॉक्टरों की लंबित मांगों के समाधान का रास्ता प्रशस्त होगा।
