Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार, युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़-खालसी मोटर मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गढ़वाल गाड़ से लगभग 300 मीटर आगे खालसी की ओर हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

दुर्घटना में कार सवार सूरज (24) पुत्र श्याम सिंह निवासी खालसी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल सुमन पंवार पुत्र चंदन सिंह निवासी नई खालसी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सूरज दिल्ली के एक होटल में कार्यरत था, जबकि घायल सुमन सेना में नौकरी करता है। दोनों छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि सूरज, सुमन की बुआ का बेटा था और दोनों रिश्ते में भाई थे। शुक्रवार को दोनों घूमने के लिए चिन्यालीसौड़ आए थे और घर लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना राहगीरों ने तत्काल पुलिस और 108 सेवा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Comment