उत्तरकाशी: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मनेरा स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, परीक्षा कक्षों, सीटिंग व्यवस्था तथा आसपास के क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने पुलिस बल, अभिसूचना इकाई और एसओजी को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और होमस्टे की नियमित जांच, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन तथा परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अनुचित साधन परीक्षा केंद्र के भीतर न पहुंच सकें।
पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि NEET परीक्षा को पूर्णतः सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करेंगी तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी।
