Udayprabhat
uttrakhand

8वीं वाहिनी आईटीबीपी के हिमवीरों ने उत्साहपूर्वक मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

“Yoga for Healthy Ageing” थीम पर सामूहिक योगाभ्यास, सैनिकों और स्थानीय नागरिकों को दिया स्वास्थ्य का संदेश

चमोली: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 8वीं वाहिनी आईटीबीपी गौचर में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मनोहर सिंह रावत, सेनानी, 8वीं वाहिनी आईटीबीपी के नेतृत्व एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, हिमवीर पदाधिकारियों, एनडीआरएफ जवानों तथा हिमवीर परिवारों की महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ आयु के लिए योग) के तहत वाहिनी के परेड ग्राउंड में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखंड के योग प्रशिक्षकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। गृह मंत्रालय एवं संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

इसके साथ ही आईटीबीपी की अग्रिम चौकियों पर तैनात हिमवीरों ने दुर्गम एवं विषम जलवायु क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय नागरिकों के साथ भी योगाभ्यास कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर सेनानी मनोहर सिंह रावत ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, हिमवीरों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि योग उम्र, लिंग, जाति, पंथ, धर्म और राष्ट्र की सीमाओं से परे मानवता को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करता है।

गौरतलब है कि आईटीबीपी समय-समय पर सैनिकों और नागरिकों के बीच पारस्परिक सौहार्द एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। योग दिवस का यह आयोजन भी इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

 

Leave a Comment